राजगढ़। स्थानीय चौकी क्षेत्र के दुबेपुर गांव में रविवार को दोपहर में पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर सरकारी टैग लगे गेहूं की बोरी लदे वाहन को अपने कब्जे में कर लिया। पूछताछ के दौरान व्यापारी ने पुलिस को बताया कि यह गेहूं पास के ही किसानों का है। बोरी बाजार से खरीदी गई है। तस्दीक करने के बाद पुलिस ने गेहूं लेद वाहन व्यापारी को सुपुर्द कर दिया।
इस संबंध में वरिष्ठ विपणन निरीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव से हुई पूछताछ में उन्होंने कहा मामले की जांच कराई जा रही है, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों की मानें तो रविवार की दोपहर में दुबेपुर गांव से दो किसानों का लगभग 40 क्विंटल गेहूं क्रय किया गया था। सरकारी गेहूं की बोरी को देखकर कुछ सजग ग्रामीणों ने इसे सरकारी गोरखधंधा समझ कर पुलिस को सूचना दे दी। स्थानीय पुलिस ने सरकारी बोरे में गेहूं क्रय की बात सुनते ही मौके पर पहुंच कर अपने कब्जे में लेकर पूछताछ में जुट गई। जद्दोजहद के बाद जब यह साबित हो गया कि गांव के ही दो व्यक्तियों ने व्यापारी को अपना गेहूं बेचा है। बोरी सरकारी विभाग से क्रय की गई है। जिस पर कोड लालगंज का छपा हुआ है। जबकि व्यापारी गेहूं को सोनभद्र ले जा रहे थे। तो पुलिस ने छोड़ दिया। लेकिन विपणन विभाग मामले की जांच में लगा हुआ है।