मिर्जापुर। जनपद में तीन जगहों पर हुए सड़क हादसों में नौ लोग घायल हो गए। हलिया थाना क्षेत्र के नदना गांव में आटो पलटने से सवार छह, मनिगढ़ा के पास कार की टक्कर से बुलेट सवार और पड़री थाना क्षेत्र के रसौरा गांव के पास शुक्रवार की दोपहर अनियंत्रित बाइक पलटने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को अंयत्र रेफर कर दिया गया।
हलिया संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के नदना गांव निवासी मोहन कोल के बेटे का शुक्रवार को तिलक समारोह था। जिसमें कोटार नाथ से भजन कीर्तन के बाद एक आटो सवार रिश्तेदार और परिवार के लोग कार्यक्रम में जा रहे थे। आटो गरेर गांव के पास पहुंची तभी ओवरलोड होने के कारण सड़क के नीचे खाई में जा गिरी। जिसमें सवार पूर्वाअवसान सिंह गांव निवासी 50 वर्षीय शुभराजी, बरडीहा गांव निवासी 60 वर्षीय प्रभावती, नदना गांव निवासी 50 वर्षीय महादेई, बरडीहा गांव निवासी 60 वर्षीय कलावती, सुईया कला गांव निवासी 55 वर्षीय मुनिया, नदना गांव निवासी 56 वर्षीय किताबी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आटो से चोटिलों को निकाल कर बाहर कर निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले गए। शुभराजी की हालत गंभीर देख प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अभिषेक जायसवाल ने उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। क्षेत्र के ही मनिगढ़ा मार्गपर खम्हरियां कला गांव के पास कार ने बुलेट में टक्कर मार दिया। इससे बुलेट सवार 35 वर्षीय बृजेश दुबे निवासी बरया और 32 वर्षीय मनीष दुबे घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार कराकर मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। पड़री संवाददाता के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गहरवार गांव निवासी 45 वर्षीय कल्लू पुत्र हंसराज अपने रिश्तेदारी में पड़री थाना क्षेत्र के सिकरी गांव आए थे। सुबह पांच बजे बारात से वापस जाते समय रसौरा गांव के पास बाइक गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।