नरायनपुर। मिर्जापुर-वाराणसी मार्ग पर अदलहाट थाना क्षेत्र के छोटा मिर्जापुर गांव के सामने रविवार की सुबह छह बजे स्कूटी फिसलने से हुए हादसे में एक किशोर की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर को पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। स्कूटी सवार उसके दो अन्य साथी बाल-बाल बच गए। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया।
वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा निवासी कमरुद्दीन अंसारी का पुत्र शमशीर अंसारी (15) स्कूटी से अपने दो साथियों अफसर अली (18 ) व इरफान (15 ) के साथ चुनार किसी कार्य से जा रहा था। उसने हेलमेट भी नहीं लगाया था। अदलहाट थाना क्षेत्र के छोटा मिर्जापुर गांव के सामने पटरी से सड़क पर आते समय स्कूटी फिसल गई। इससे तीनों सड़क पर गिर पड़े। स्कूटी चला रहा शमशीर अंसारी पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। इससे मौके पर उसकी मौत हो गई। ट्रक चालक मौका पाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी नरायनपुर अरविंद कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। शमशीर के बड़े भाई जहांगीर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।