चुनार। सभासद पति द्वारा सफाई निरीक्षक से अभद्र व्यवहार किये जाने से आक्रोशित सफाई कर्मियों ने शनिवार को दोपहर कार्य बहिष्कार कर दिया। ईओ व अन्य के हस्तक्षेप के बाद मामला हुआ शांत हुआ। सभासद पति के पिता ने क्षमा याचना कर मामला शांत कराया।
शुक्रवार को वार्ड नंबर 12 चकईपुर की महिला सभासद पूजा सिंह के पति अंकित सिंह ने वार्ड की सफाई के लिए सफाई निरीक्षक मिथिलेश कुमार को कहा था। सभासद पति के कहने पर सफाई निरीक्षक ने सफाई कराई लेकिन शाम हो जाने के कारण कुछ कार्य शेष रह गया। जिस बात को लेकर सभासद पति ने रात में लगभग आठ बजे सफाई निरीक्षक के आवास पर पहुंचकर अपशब्द कहे। इस बात की जानकारी जब सफाई नायकों को हुई तो वे सफाई कर्मियों को साथ लेकर शनिवार की दोपहर पालिका कार्यालय पहुंच गए और कार्य का बहिष्कार करते हुए अधिशासी अधिकारी से मुलाकात कर सभासद पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। उधर मामले की जानकारी जब सभासद पति के पिता को हुई तो आनन फानन में वह पालिका कार्यालय पहुंचे। उन्होंने सफाई निरीक्षक से व्यक्तिगत रूप से क्षमा याचना किया लेकिन मामले से क्षुब्ध सफाई निरीक्षक व कर्मी अपने मांग पर अड़े रहे। बाद में अधिशासी अधिकारी प्रतिभा सिंह, जलकल अवर अभियंता सौरभ सिंह, प्रधान लिपिक शैलेन्द्र कुमार के हस्तक्षेप के बाद मामले का पटाक्षेप हुआ और सफाई कर्मी अपने कार्य पर वापस हुए। कार्य बहिष्कार के दौरान मुकेश, तेजा, मंगरू, विक्रम, मीरा देवी, रीना देवी, लाली, सुदामा देवी, आदि मौजूद रहे।