मिर्जापुर। लोकसभा सामान्य निर्वाचन -2019 के लिए मतों की गणना पालीटेक्निक कालेज में सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बुधवार को आयुक्त, विन्ध्याचल मण्डल आनन्द कुमार सिंह, डीआईजी पीयूष श्रीवास्तव, जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुराग पटेल, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार व मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने भ्रमण कर जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 की मतगणना 23 मई, 2019 को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। इसके लिये सभी तैयारियां पूर्ण करा ली गयी है। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोक सभा सामान्य निर्वाचन-2019 के अंतर्गत जिले के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना राजकीय पालीटेक्निक कालेज बथुआ में होगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधान सभा में 14 टेबल व एक एआरओ टेबल हेतु कुल 15 मतगणना अभिकर्ता नियुक्त होंगे। आरओ मतगणना कक्ष में स्थापित पांच मतगणना टेबल हेतु पांच मतगणना एजेंट तथा एक आरओ टेबल हेतु मतगणना एजेंट कुल छह मतगणना अभिकर्ता नियुक्त होंगे। एक सहायक रिटर्निंग आफिसर की अध्यक्षता में ईटीपीबीएस की स्कैनिंग पृथक हाल में 10 टेबलों पर करायी जायेगी। उन्होंने यह भी बताया कि विधानसभा मतगणना कक्ष एवं एआरओ टेबुल के मतगणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति संबंधित सहायक रिटर्निंग आफिसर द्वारा प्रत्याशी/उनके निर्वाचन अभिकर्ता द्वारा फार्म-18 भरवाकर उसके साथ दो फोटो नत्थी कर उनके समक्ष हस्ताक्षर कराकर की जायेगी। किसी रिलीवर की नियुक्ति अपरिहार्य स्थिति में कराने हेतु नियुक्त एजेंट की नियुक्ति के प्रतिसंहरण हेतु फार्म-19 भरकर पूर्व एजेंट की नियुक्ति प्रतिसंहरित करते हुये नये एजेंट की नियुक्ति फार्म-8 भरकर दो फोटो के साथ संबंधित एआरओ/आरओ द्वारा की जायेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस प्रकार कुल 82 एजेंटों की नियुक्ति की जा सकेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि मतगणना पूरी पारदर्शिता के साथ करायी जायेगी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जायेगी।