मिर्जापुर। थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज कम मिलने के रविवार को बारात नहीं आई। लड़का पक्ष बाइक की मांग को लेकर बरात नहीं लाया। बारात न आने पर सोमवार को दुल्हन के पिता ने हलिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। हलिया पुलिस ने लड़की के पिता को प्रयागराज के कोरावं थाने में मुकदमा दर्ज कराने की बात कही।
हलिया थाना क्षेत्र लड़की की शादी प्रयागराज जिले के कोरावं थाना क्षेत्र निवासी एक युवक से तय हुआ था। 18 मई को धूमधाम से तिलक समारोह संपन्न हुआ। इसमें लड़की पक्ष ने 26 हजार नगद, साड़ी, कपड़ा आदि दिया था। 19 को बारात आनी थी। लड़की पक्ष ने शादी की पूरी तैयारी की थी, पर 19 मई को बारात नहीं आई। लड़की के पिता ने लड़के वालों को फोन कर बारात न आने का कारण पूछा तो लड़के पक्ष के लोग दहेज में बाइक की मांग पर अड़ गए। बाइक न देने के कारण बारात नहीं आई। बारात न आने पर शादी न हो सकी। लड़की के पिता ने हलिया थाने में तहरीर देकर मुुकदमा दर्ज कराने की मांग की। हलिया पुलिस ने लड़की के पिता को बताया कि लड़का प्रयागराज के कोरांव थाने का निवासी है, इसलिए वहां पर मुकदमा दर्ज कराए।