मिर्जापुर। लालडिग्गी स्थित लायंस स्कूल के सभागार में शुक्रवार को सीबीएसई के परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में परीक्षा नियमावली की जानकारी दी गई। उनको बताया गया कि प्रश्नपत्र का बंडल परीक्षा कक्ष में परीक्षार्थियों की उपस्थिति में ही खोले जाएंगे। साथ ही परीक्षार्थी सुबह 10 बजे के पूर्व ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। दस बजे के बाद उनको प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा के लिए सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर डा. एनके पांडेय ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में तो परीक्षा होगी ही। इसके साथ ही अन्य उपाय भी किए गए हैं। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को बताया कि प्रश्नपत्र का बंडल खोलने के पहले उस पर दो परीक्षार्थियों के हस्ताक्षर होंगे। पैकेट खोलने पर एक ओटीपी प्राप्त होगी। प्रश्नपत्र का वितरण उसके बाद किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एक कक्ष में अधिकतम 24 परीक्षार्थी ही बैठाए जा सकेंगे। इसी प्रकार प्रवेश पत्र के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रवेश पत्र पर इस बार माता- पिता के भी हस्ताक्षर होंगे। पहले यह व्यवस्था नहीं थी। डा. पांडेय ने बताया कि सीबीएसई की बोर्ड की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर चार अप्रैल तक चलेगी। इस मंडल में नौ केंद्र बनाए गए हैं। पांच मिर्जापुर में तथा चार भदोही में। बैठक में सभी केंद्रों के केंद्राध्यक्ष, उप केंद्राध्यक्ष व अन्य उपस्थित थे।