मिर्जापुर। जनपद में कई दिनों से रुक रुक कर हो रही बरसात गरीबों के लिए मुसीबत भी बन रही है। बरसात के चलते घर गिरने से सीखड़ के रामगढ़ गांव में 75 वर्षीय वृद्धा धन्नो देवी की मौत हो गई। वहीं विन्ध्याचल के कंतित बड़ी चौक में अफजाल अहमद और कोन के पुरबपट्टी में सुरेश बिंद का कच्चा मकान गिर गया। मकान गिरने से लोग बाल बाल बच गए।
सीखड़ संवाददाता के अनुसार चुनार कोतवाली के तहत रामगढ़ गांव में शनिवार की रात एक बजे कच्चा मकान गिर गया। जिसमें धन्नो देवी उम्र 75 साल पति स्वर्गीय राम निहोर की मृत्यु हो गई। धन्नो देवी के दो पुत्र व बहू और उनके बच्चे बगल स्थित एक छोटे से कमरे में सोए हुए थे। आवाज सुनकर गांव वाले इकट्ठा हो गए और किसी तरह धन्नो देवी को बाहर निकाला। रविवार सुबह सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार नटवरलाल, क्षेत्रीय लेखपाल मुरारी लाल श्रीवास्तव परिवार को ढांढस बंधाया। बताया कि शासन स्तर से निर्धारित मुआवजा दिलाया जाएगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया। एडीएम वित्त व राजस्व राजित राम प्रजापति ने शव का पोस्टमार्टम कराया। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को चार लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
विन्ध्याचल थाना क्षेत्र के कंतित बडी चौक के पास अफजाल अहमद का कच्चा मकान गिर गया । संयोग ठीक था कि पूरा परिवार बाहर निकल चुका था । चेतगंज विकास खंड कोन के अनुरूद्धपुर पुरब पट्टी गांव निवासी सुरेश बिन्द का कच्चा मकान शनिवार रात दो बजे रात गिर गया, जिसमें सो रहे पत्नी स्याम प्यारी 30 वर्ष, धीरज 12 वर्ष, नीरज 10 वर्ष बाल बाल बच गये। हालांकि उसमें रखा सामान नष्ट हो गया। लोगों को बाहर निकाला गया।