जमालपुर। अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस पर गुरुवार को आदिवासी समाज के लोगों ने घरवाह गांव से गाजे-बाजे के साथ गोंडी नृत्य करते रैली निकाली। जमालपुर स्थित संगठन के कार्यालय पर आकर रैली सभा में परिवर्तित हो गई। इसमें शामिल गोंड समाज के लोगों ने गोंड जाति का छात्रवृत्ति घोटाला बंद करने और उनको उनका हक देने की मांग की।
सभा में मुख्य अतिथि आदिवासी समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष रामदुलार गोंड ने कहा कि आदिवासी समाज के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जो योजनाएं आती हैं, उनकी जानकारी समाज के लोगों को नहीं मिल पाती है। अधिकारियों की ओर से कूट रचना कर कागज पर वितरण दिखा दिया जाता है। गोंड समाज के लोग एकजुट होकर अपना हक हर हाल में लेकर रहेंगे। ब्लाक अध्यक्ष विजय कुमार गोंड ने कहा कि ब्लाक के अधिकारियों द्वारा ब्लाक में गोंडों की संख्या केवल 698 दिखाया गया जबकि पूरे ब्लाक में गोंड समाज की आबादी करीब नौ हजार है। गोंड समाज के बच्चों को छात्रवृत्ति नहीं देकर अन्याय किया जा रहा है। आदिवासी समाज के बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाए। आदिवासियों से प्रमाणपत्र के नाम पर वसूली बंद किया जाय। इस दौरान श्रवण कुमार गोंड, मनीष गोंड, रमापति गोंड, मनोज गोंड, जय प्रकाश गोंड, महादेव गोंड, साधु शरण गोंड, सीताराम गोंड, प्रदीप कुमार गोंड, धीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।