कोन ब्लाक पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शुक्रवार को बैठक की सूचना नहीं मिलने पर जमकर बबाल काटा। इस दौरान सदस्यों ने बीडीयो के खिलाफ नारेबाजी करते हुये धरना प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि भत्ता व नाश्ता का पैसा हजम करने के लिए गुपचुप तरीके से बैठक आयोजित कर दी जाती है।
खंड विकास अधिकारी नीरज दुबे द्वारा कार्य योजना के लिए क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें कुछ खास सदस्यों को ही बुलाया गया था, इसकी जानकारी जब अन्य सदस्यों को हुई तो वो ब्लाक मुख्यालय पर धमक पड़े। सदस्य गुप्त तरीके से बैठक कराने का आरोप लगाते हुए खंड विकास अधिकारी से उलझ गए और उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। मौके की नजाकत को भांपते हुए खंड विकास अधिकारी ने बैठक दोबारा कराने व मीटिंग में जाने का बहाना बनाते हुए वहां से खिसक लिए। जिला पंचायत सदस्य अमरेश यादव ने कहा कि बैठक की सूचना कभी नहीं दी जाती है। ब्लाक कर्मियों द्वारा सदस्यों को मिलने वाली धनराशि व लंच का रुपया कोरम पूरा दिखा कर बंदर बाट किया जाता है। सदस्य भारतेंदु यादव ने कहा कि बैठक की सूचना हमे मिलनी चाहिए यह तो लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि बैठक में आए बिना पिछली कार्यवाही की सूचना व नई कार्य योजना को हम कैसे जान पाएंगे। इस अवसर पर कमलेश देवी, शालिक यादव, सिद्धू देवी, कमलेश, आदि मौजूद रहे।