मिर्जापुर। कटरा कोतवाली पुलिस ने शनिवार की सुबह बथुआ तिराहे के पास से 15 हजार रुपये के इनामिया गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पांच माह से फरार चल रहा था।
चील्ह थान क्षेत्र के मवैया गांव निवासी अर्पित यादव धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके ऊपर गैंगस्टर एक्ट भी लगा था। मामले की विवेचना कटरा कोतवाल कर रहे थे। फरार आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने उसके ऊपर 15 हजार का इनाम घोषित किया। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही थी । मुखबिर की सूचना पर कटरा कोतवाली पुलिस ने शनिवार की सुबह बथुआ तिराहे के पास अर्पित यादव पुत्र राजेश यादव निवासी मवैया थाना चील्ह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ कटरा कोतवाली समेत अन्य थानों में वाहन चोरी और मारपीट के अपराध दर्ज है। आरोपी जनवरी 2021 से फरार चल रहा था।