मिर्जापुर। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन हुआ। साथ ही आरोप प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। नामांकन के तुरंत बाद सपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा प्रत्याशी पर हिस्ट्रीशीटर होने का आरोप लगाया। साथ ही कई और संगीन आरोप लगाए। जिला प्रशासन के समक्ष सपा ने भाजपा प्रत्याशी को लेकर आपत्ति भी दर्ज कराई। हालांकि जिला प्रशासन ने आपत्ति खारिज कर दी।
नामांकन के बाद लोहिया ट्रस्ट में पत्रकार वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रत्याशी क्लास वन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है। जो मूल रूप से चोलापुर वाराणसी के रहने वाला है। आरोप लगाया कि प्रत्याशी ने प्रशासन की आंखों में धूल झोंक कर अपना नाम मिर्जापुर के जमालपुर ब्लॉक के डुमरी गांव की मतदाता सूची में शामिल कराया है।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी जिले के प्रथम नागरिक की होती है। भारतीय जनता पार्टी जिले का प्रथम नागरिक की कुर्सी पर क्लास वन के हिस्ट्रीशीटर को बैठाना चाहती है। कहा कि भाजपा प्रत्याशी चोलापुर, वाराणसी के रहने वाला है। लेकिन नाम डुमरी गांव की मतदाता सूची में है। ऐसे में सपा मांग करती है कि भाजपा प्रत्याशी के आवेदन को निरस्त किया जाए। कहा कि न्याय न मिलने की स्थिति में कोर्ट भी जाएंगे।
कलेक्ट्रेट के चोरों ओर की गई थी सुरक्षा व्यवस्था
मिर्जापुर। जिला पंचायत सदस्य चुनाव के नामांकन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रही। कलेक्ट्रेट पर जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए चल रहे नामांकन के दौरान पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने जायजा लिया।
भाजपा के नामांकन के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के नामांकन के दौरान अंदर जाने को लेकर विवाद होने पर एएसपी सिटी संजय वर्मा ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया। कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा बलों ने चेकिंग की। चेकिंग के उपरांत ही किसी भी व्यक्ति को प्रवेश दिया गया। नामांकन ड्यूटी को सकुशल एवं शांतिपूर्ण से सम्पन्न कराएं जाने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी नगर प्रभात राय, क्षेत्राधिकारी सदर अरूण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी शैलेन्द्र त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शहर रविंद्र कुमार, कोतवाली देहात विजय चौरसिया आदि रहे।