शेरवां। स्थानीय पहाड़ के ऊपर स्थित रामसागर पोखरा पर क्षेत्र के किसानों की पंचायत हुई। पंचायत में लगातार हो रही अन्न की पैदावार की कमी को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की गई है। पंचायत की अध्यक्षता करते हुए प्रगतिशील किसान नवल किशोर सिंह ने कहा कि एक दशक से जमालपुर और चंदौली जनपद से सटे किसान अन्न की पैदावार की कमी से जूझ रहे हैं।
चंद्रप्रभा, अहरौरा, जरगो जलाशयों और नदी नालों के जाल बिछे होने के बावजूद आर्थिक विपन्नता के शिकार हैं। धान के कटोरे में लगातार हो रही अन्न की पैदावार की कमी को दूर करने के लिए बाणसागर नहर परियोजना शासन द्वारा प्रस्तावित रही। तृतीय चरण को जरगो बांध से हुसेनपुर बीयर तक 13.5 किलोमीटर तक जोड़ दिए जाने से लगभग 15 हजार हेक्टेयर भूमि की अतिरिक्त सिंचाई हो जाने से सूखे से निजात मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि साथ ही सोनलिफ्ट परियोजना को ख़ाली समय में चलाकर डोगिया और अहरौरा जलाशय को भरा जाए। इससे जमालपुर ब्लाक के किसानों को समय-समय पर पानी मिल सकें। अहरौरा और डोगिया बांध को 10 फीट ऊंचा किए जाने और गडई नदी की हेंड से टेल तक के तटबंध को ऊंचा करने की भी मांग की। अमरेश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि भोका नाले पर बने रेगुलेटरों की आयल ग्रिसिंग का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। किसान संतोष चौबे ने कहा कि सड़कों में बने जल निकासी द्वार की साफ-सफाई की जाए। किसान राजनाथ सिंह ने कहा कि गणेशपुर बंधी का प्रस्तावित रिमाडलिंग का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। किसानों की पंचायत में क्षेत्र के संतोष सिंह, सुभाषचंद्र सिंह, दीपू सिंह, सुनील सिंह, सुदर्शन सिंह, महेंद्रनाथ सिंह, दीपू चौबे, ओंकार यादव, श्रीकांत दुबे, भृगुनाथ सिंह आदि किसानों ने प्रदेश के सिंचाई मंत्री और मुख्यमंत्री से मांग है। संचालन जुगुल किशोर यादव ने किया।