चुनार। शिक्षा से जीवन में सब कुछ अर्जित किया जा सकता है। जीवन में कभी निराश मत होना। अपने हौसलों को बुलंद रखना, कामयाबी तुम्हारी कदम चूमेगी। ये बातें ख्यातिलब्ध गीतकार समीर ने रविवार को बहरामगंज स्थित ग्लैनहिल स्कूल के प्रथम वार्षिकोत्सव (संस्कृति) का उद्घाटन करने के बाद कही। इस दौरान गायिका पामेला जैन ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
ग्लैनहिल स्कूल के वार्षिकोत्सव की शुरूआत मुख्य अतिथि एडिशनल कमिश्नर वाराणसी ओमप्रकाश चौबे, गीतकार समीर, गायिका पामेला जैन, संगीत निर्देशक नरेंद्र निर्मल ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। स्कूल के चेयरमैन आफताब अहमद तथा प्रबंधक मेहताब अहमद ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को बुके, स्मृति चिह्न और अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। बच्चों ने गणेश वंदना नृत्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद गीत, कौव्वाली, नृत्य एवं पर्यावरण पर नाटक का मंचन किया। जोशीला पंजाबी नृत्य व राजस्थानी नृत्य पेश कर लोगों को मुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि एडिशनल कमिश्नर वाराणसी ओमप्रकाश चौबे ने बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ ही बच्चों को उनके रुचि के अनुसार खेलकूद, संगीत आदि क्षेत्रों में आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। इस दौरान केन्द्रीय हज समिति भारत सरकार के सदस्य डा. आईए जावेद, धनश्याम सिंह पीजी कालेज वाराणसी के प्रबंधक नागेश्वर सिंह डा. संतोष सिंह, सरफराज अहमद, इरशाद अहमद, अबरार अहमद आदि प्रमुख मौजूद रहे। स्वागत भाषण प्रधानाचार्य डा. डीके मिश्र दिया। धन्यवाद ज्ञापन आरती अवस्थी ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
उधर, गायिका पामेला जैन ने गीत सुनाया। उन्होंने हार में ही जीत छुपी है, हर तमन्ना हमारी हो पूरी ऐसा तो भी जरूरी नहीं है... आदि गीतों को सुनाकर लोगों को मुग्ध कर दिया। गीतकार समीर ने केक काटकर बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया। स्कूल परिवार सदस्य, अभिभावकों और बच्चों ने उन्हें केक खिलाकर जन्मदिन की बधाई दी।