मिर्जापुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण की दशा खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी विमल कुमार दुबे ने नाराजगी जताई है। उन्होंने शनिवार की शाम आवासों की समीक्षा के दौरान खंड विकास अधिकारी विजय नाथ द्विवेदी लालगंज, रामचंद्र यादव पटेहरा, सुदामा प्रसाद यादव हलिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी को ग्राम पंचायत अधिकारी हलिया अखिलेश दूबे की सेवा समाप्ति के लिए की नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुरुप सभी आवासों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 27 फरवरी तक पूर्ण करा दें। प्रधानमंत्री आवास पूर्ण नहीं कराने वाले खंड विकास अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। परियोजना निदेशक डा. हरिचरण सिंह ने बताया कि वर्ष 2016-17 में 14418, वर्ष 2017-18 में 8999 सहित 23417 गरीबों को आवास देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके सापेक्ष वर्ष 2016-17 में 14 401 तथा वर्ष 2017-18 में 9016 सहित 23417 गरीबों का चयन किया गया है। इसमें से 23373 लाभार्थियों को प्रथम किस्त, 22634 लाभार्थियों को द्वितीय और 14330 लाभार्थियों को तीसरी किस्त जारी किया गया है। लगभग 400 लाभार्थियों को नोटिस देने के बाद भी आवास का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। बैठक में एसडीएम चुनार अविनाश त्रिपाठी, बीडीओ सुनील तिवारी, भावना यादव, प्रभारी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी दिव्या शुक्ला मौजूद रहीं।
उधर, परियोजना निदेशक डा. हरिचरण सिंह ने बताया कि रविवार से हल्का सिपाहियों ने गांवों में अधूरे आवासों के लाभार्थियों से मिलना शुरू कर दिया है। पहाड़ी ब्लॉक के कठिनई, उमरिया, गहिरा, मोहनपुर भवरख, देवाही और धर्मदेवा गांव में सिपाही लाभार्थियों से मिले। इसके अलावा लालगंज ब्लॉक के चितांग, रानीबारी, महुलार, कोलकम कला, खरिहट, हलिया ब्लॉक के मटिहरा, बबुरा रघुनाथ सिंह, बबुरा कला, जमालपुर के दादो, कंचनपुरी, धुरिया इसके साथ ही मझवां के गोरही शिवरानी, गदौली आदि गांवों में लाभार्थियों को प्रेरित किया गया।