पकौड़े बेचकर विरोध जताते कांग्रेसजन
मिर्जापुर। रोजगार को लेकर प्रधानमंत्री के बयान से नाराज कांग्रेसजनों ने कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को पकौड़े बेचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने अपनी डिग्रियों की फोटो कापियों पर पकौड़े बेचकर विरोध जताया। पूर्व मड़िहान विधायक ललितेश पति त्रिपाठी ने युवाओं को पकौड़ी बनाने का प्रशिक्षण भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार गारंटी योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद भी बेरोजगार हैं। वहीं प्रधानमंत्री द्वारा रोजगार देने की बजाए हतोत्साहित करने वाला बयान दिया जा रहा है।
युवा कांग्रेस कमेटी की ओर से बढ़ती बेरोजगारी और प्रधानमंत्री के वक्तव्य भारत के नौजवानों पकौड़ा बेचो, रोजगार पाओ के बयान का विरोध किया। युवक कांग्रेस के नौजवानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में पकौड़े का दुकान लगाकर डिग्रियों की छायाप्रतियों पर पकौड़े बेचे। मड़िहान विधायक ने कहा कि आज हम पकौड़ा बेंच रहे है यही स्थिति रही तो बच्चों को भी कल पकौड़ा बेचना पड़ेगा। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश मिश्रा ने कहा कि पढ़ लिखकर युवक बेरोजगार घूम रहे हैं। उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के महासचिव इमरान खां ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। कार्यकाल बीतने के बाद भी दो लाख लोगों को भी रोजगार नही मिल पाया है। सचिव अरबाज खा ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। इस दौरान द्वारिका प्रसाद पाल, अली नवाज, भारतेंदु यादव, देवी प्रसाद तिवारी, स्वरुप सिंह, छोटे खां, अंजनी नंदन पांडेय, बेटू, अभिषेक मिश्रा, देवी मिश्रा ने विचार व्यक्त किया।