ड्रमंडगंज। लोकसभा चुनाव के बीच किसी प्रकार की गड़बड़ी सहन नहीं की जाएगी। व्यवधान डालने वालों के साथ सख्ती बरती जाएगी। यह बातें उप जिला मजिस्ट्रेट लालगंज ने कहा। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल तथा नागरिक पुलिस के सशस्त्र जवानों के साथ रविवार को बरौधा पुलिस चौकी क्षेत्र में भ्रमण किया और ग्रामीणों को संबोधित भी किया।
एसडीएम आशुतोष कुमार दूबे ने नैड़ी, कठारी, महुअट, बरौधा बाजार तथा बबुरा भैरोदयाल आदि गांवों में पैदल रूट मार्च किया। उन्होंने लोगों से मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उपजिलाधिकारी ने कहा कि मतदाताओं के साथ किसी प्रकार की जोर जबरदस्ती नहीं करने दी जाएगी। इस दौरान क्षेत्रीय पुलिस उपाधीक्षक लालगंज प्रमोद कुमार, प्रभारी निरीक्षक श्याम बिहारी, चौकी प्रभारी बरौधा राजेश कुमार यादव तथा सीआरपीएफ के कमांडेंट सहित सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे।