विंध्याचल। श्री विंध्य पंडा समाज के 19 सदस्यों और विंध्य विकास परिषद पांच पार्षदों के लिए मंगलवार को धाम क्षेत्र के प्रशासनिक भवन में 64 दावेदारों ने नामांकन किया। इसके साथ ही चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। बुधवार को पर्चा वापसी होगी। 23 सितंबर को सुबह 10 बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम चार बजे से मतगणना शुरू होगी और देर शाम रात परिणाम घोषित किया जाएगा।
श्री विंध्य पंडा समाज व विंध्य विकास परिषद के निर्वाचन अधिकारी उपजिलाधिकारी सदर ने चुनाव की अधिसूचना जारी करके 18 सितंबर को नामांकन की तिथि घोषित की थी। मंगलवार को सुबह 10 बजे से स्टेट बैंक चौराहा स्थित प्रशासनिक भवन में डिप्टी कलेक्टर रामजीत मौर्या और सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमेंद्र श्रीवास्तव ने नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ की। नामांकन पत्रों की बिक्री सोमवार को हो गई थी। श्री विंध्य पंडा समाज के 57 और विंध्य विकास परिषद के लिए 15 नामांकन पत्रों की खरीद की गई थी। मंगलवार को प्रात:काल दस बजे से दोपहर तीन बजे तक श्री विंध्य पंडा समाज के सदस्य के 19 पदों के लिए 50 और विंध्य विकास परिषद के पांच पार्षद पदों के लिए 14 लोगों ने नामांकन किया। बुधवार को पर्चा वापसी की जाएगी। 23 सितंबर को सुबह 10 बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम चार बजे से मतों की गणना शुरू की जाएगी और देर शाम रात तक समस्त विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। बता दें कि 1056 मतदाता श्री विंध्य पंडा समाज के 19 सदस्यों तथा विंध्य विकास परिषद के पांच पार्षदों को चुनने का काम करेंगे। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर रामजीत मौर्या, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रमेंद्र श्रीवास्तव, राजीव कुमार, श्री विंध्य पंडा समाज के पूर्व अध्यक्ष राजन पाठक, चौकी प्रभारी चंद्रकांत तिवारी, विंध्य विकास परिषद के लिपिक राकेश पांडेय, श्री विंध्य पंडा समाज के लिपिक ब्रह्मा शुक्ला सहित नामांकन करने वाले प्रत्याशी व उनके समर्थक मौजूद रहे।