मिर्जापुर। विकास खंड लालगंज के उंटी गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर कोटेदार द्वारा अनाज वितरण न करने और अपात्रों का चयन करने की शिकायत की। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रधान सुमित्रा देवी ने जिलाधिकारी को सौंपे पत्रक में कहा कि ग्राम पंचायत में कोटेदार और आपूर्ति निरीक्षक द्वारा काफी अनियमितता बरती जा रही है। गरीब जनता को परेशान किया जा रहा है। गांव में अपात्रों का कार्ड बनाया जा रहा है वहीं पात्र व्यक्ति अनाज के लाभ से वंचित है। बताया कि गांव में 217 कार्डधारक हैं, जिनमें कुल 823 यूनिट है। जिसमें से कोटेदार द्वारा दूसरे गांव के 52 कार्डधारकों का कार्ड बनाया गया है। इससे प्रतिमाह 165 यूनिट अनाज का नुुकसान सरकार को हो रहा है। ग्रामीण शिव गोपाल, मनीष कुमार, दीनानाथ, नीरज कुमार आदि ने मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कहा कि पात्र ग्रामीणों का राशन कार्ड बनवाकर अनाज वितरण कराया जाए।