मिर्जापुर में कोहरे के बीच स्कूल जातीं छात्राएं
मिर्जापुर। मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण मंगलवार की सुबह नौ बजे तक घना कोहरा छाया रहा। तापमान अधिकतम 26 और न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस रहा। पूरे दिन धूप तो रही लेकिन गलन में गिरावट नहीं हुई जिससे धूप में भी लोग ठिठुरते नजर आए।स्कूल खुलने की वजह से छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ठंड के चलते कार्यालयों में कर्मचारी गर्माहट के लिए चाय का सहारा लेते रहे।
पिछले दो दिनों तक मौसम साफ रहने और धूप होने से लोगों को राहत मिली थी। सोमवार की देर शाम घना कोहरा छा गया और रात में दृश्यता काफी कम हो गई। सुबह नौ बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक स्कूल, कालेज जाने वाले बच्चों और विद्यार्थियों को परेशानी हुई। गलन अधिक होने के कारण बिना दस्ताने के बाइक चलाने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जहां तहां बाइक चालकों ने चाय की दुकानों या अलाव के पास रुक कर हाथ सेंकना पड़ा। नौ बजे के बाद हल्की धूप हुई। 11 बजे तक तेज धूप हो गई लेकिन गलन अधिक होने के कारण लोगों को मामूली राहत मिली। कोहरा छंटने के बाद लोगों ने घरों से बाहर आकर धूप का आनंद उठाया। वहीं गांवों और चट्टी चौराहों पर लोगों ने अलाव का सहारा लिया। सोमवार को धूप होने पर जिले के विद्यालय खोल दिए गए हैं लेकिन मंगलवार को फिर घने कोहरे और गलन के बीच बच्चों को स्कूल जाना पड़ा। शाम होते ही गलन भरी ठंड होने से लोग जल्दी ही घर लौट गए। कोहरे के चलते ट्रेनें विलंबित हुईं जिससे यात्रियों को प्लेटफार्म पर घंटों ट्रेन की प्रतीक्षा करनी पड़ी। वहीं रैन बसेरा की व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।