जमालपुर। देवकली इंटर कॉलेज के शिक्षक की पिटाई करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज कॉलेज के छात्रों ने शनिवार को जमालपुर थाने का घेराव किया। उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो सड़क जाम किया जाएगा।
देवकली इंटर कॉलेज में तैनात शिक्षक कर्ण प्रकाश 11 अक्तूबर की सुबह वाराणसी के रामनगर स्थित अपने घर से कॉलेज आ रहे थे। जेके स्टेट हाइवे पर सड़क पार करने करते समय उनकी बाइक से तेतरिया निवासी कांता बियार (60) को धक्का लग गया। प्रवक्ता भी बाइक लेकर गिर पड़े। कांता के परिवार वालों ने प्रवक्ता की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। एक व्यक्ति ने शिक्षक के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और वह अचेत हो गए। पीछे आ रहे शिक्षकों ने देखा तो मामला शांत कराते हुए कर्ण प्रकाश को वाराणसी के ट्रामा सेंटर ले गए। जहां तक अभी भी उनको होश नहीं आया है। इससे आक्रोशित छात्रों ने शनिवार सुबह जमालपुर थाने का घेराव किया। कहा कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह सड़क जाम करने के लिए बाध्य होंगे। थानाध्यक्ष बृजमोहन सरोज आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।