मिर्जापुर। नगर के बाजीराव कटरा स्थित कृष्णा पैलेस में रविवार को हिंदी फिल्म इश्क के रंग के लिए ऑडिशन में बड़ी संख्या में बच्चों ने प्रतिभाग किया। ऑडिशन लेने मुंबई से आए अभिनेता सलमान खान के पूर्व फिटनेस ट्रेनर अब्बास अली व दिल्ली से आए राकेश कुमार ने बच्चों की बेहतरीन प्रस्तुतियों की सराहना की। करीब 105 बच्चों ने नृत्य एवं अभिनय का ऑडिशन दिया।
रॉक स्टार डांस एकेडमी की ओर से आयोजित ऑडिशन में दूर-दूर से बड़ी संख्या में प्रतिभागी आए हुए थे। बता दें कि हिंदी फिल्म इश्क के रंग के लिए बाल व युवा कलाकारों को मौका देने के लिए ऑडिशन का आयोजन किया गया। हिंदी फिल्म के प्रोड्यूसर सलामत खान और समीर हुसैन हैं तथा प्रोडक्शन कंट्रोलर दीपक राय हैं। प्रतिभागियों के ऑडिशन के दौरान उड़ीसा प्रांत से आई कलाकार देवी प्रिया और देबोस्मिता एवं दिल्ली से आई विदिका उम्दा परफारमेंस देकर ऑडिशन का हिस्सा बनी। ऑडिशन पूर्वाह्न से सायंकाल तक चलता रहा।