मिर्जापुर। महाशिवरात्रि पर भक्तों के दर्शन पूजन के लिए जिले के शिवमंदिरों में साफ-सफाई कर सजाया गया है। पंचमुखी महादेव, महाकालेश्वर, विंध्येश्वर महादेव और अन्य जगहों पर दर्शन-पूजन की तैयारी की जा रही है। कहीं से शिवबरात तो कहीं से पालकी यात्रा निकालने की तैयारी हो रही है। कम से कम एक दर्जन स्थानों से शिवबरात निकलेगी। विंध्याचल में शिवरात्रि में शिव-पार्वती का रूप धरे वास्तविक दंपती का विवाह होता है। उसकी भी तैयारी हो रही है। नगर में एक दर्जन से अधिक शिवालयों में शिवरात्रि पर्व की तैयारी हो रही है।
चुनार स्थित गंगेश्वरनाथ मुहल्ले में स्थित गंगेश्वर महादेव का अति प्राचीन मंदिर नगर सहित आसपास के ग्रामीण लोगों के आस्था का केंद्र बना हुआ है। मंदिर पर नियमित दर्शन पूजन करने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही सावन मास में दिनभर शिवभक्तों का रेला लगा रहता है। इस मंदिर में भी महाशिवरात्रि के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।