मिर्जापुर। जनपद के खासकर पहाड़ी क्षेत्रों के किसानों को सिंचाई के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। सरकार द्वारा सिंचाई के लिए सोलर पंप अनुदान पर दिया जा रहा है। जनपद में वर्तमान समय में 50 सोलर पंप अनुदान पर किसानों को देने का लक्ष्य रखा गया है।
उप निदेशक कृषि अशोक उपाध्याय ने बताया कि जनपद में तीन एचपी (डीसी) के 50 सोलर पम्प का लक्ष्य निर्धारित है। जिसमें विकास खंड सिटी में चार, कोन में तीन, मझवां में तीन, छानबे में तीन, पहाड़ी में तीन, राजगढ़ में छह, पटेहरा में छह, लालगंज में चार, हलिया में चार, जमालपुर में छह, नरायनपुर में छह एवं सीखड़ में दो सोलर पंप देने का लक्ष्य रखा गया है। सोलर पम्प के लिए किसानों के पास छह इंच का बोर एवं पानी का जल स्तर लगभग 100 से 120 फीट तक होना चाहिए। तीन एचपी डीसी सोलर पम्प का निर्धारित मूल्य दो लाख 69 हजार 990 है जिसमें से किसानों को 80 हजार 997 रूपया देना होगा। जिन कसिानों ने सोलर पम्प योजना के तहत कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराया है और उनके पास बिजली कनेक्षन उपलब्ध नहीं है, ऐसे किसान अंश के रूप में 80 हजार 997 का बैंक ड्राफ्ट मे टापसन एनर्जी लिमिटेड पेयबल एट मेहसाना के नाम से बनवाकर 18 अगस्त तक उप कृषि निदेशक कार्यालय में जमा कर सकते है। किसानों को पहले बैंक ड्राफ्ट लाओ पहले सोलर पम्प पाओ के आधार पर सोलर पम्प दिया जायेगा। किसान अपना बैंक ड्राफ्ट बैंक ड्राफ्ट को किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर अपलोड करेंगे तथा मूल बैंक ड्राफ्ट उप कृषि निदेेशक के कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करेंगे तथा जमा करने की प्राप्ति रसीद कार्यालय से प्राप्त कर लेंगे, जिस पर तिथि व समय अंकित होगा। यदि किसी किसान भाई को बैंक ड्राफ्ट अपलोड करने में कठिनाई आती है तो उप कृषि निदेशक कार्यालय में संपर्क करके कृषि विभाग के पोर्टल पर अपलोड करा सकते है।