मिर्जापुर। भदोही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के चलते शनिवार की शाम से मिर्जापुर-औराई मार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद कर करने के कारण शनिवार की शाम से रविवार की शाम चार बजे तक जाम लगा रहा। इसके चलते वाहन चालक और राहगीर जाम में फंसकर घंटों परेशान रहे। चारों ओर से वाहनों के पहुंचने के चलते मिर्जापुर, इलाहाबाद, रीवा और सोनभद्र मार्ग जाम रहा। जाम में फंसे लोगों को दोपहर में तल्ख धूप के चलते मुसीबतों का सामना करना पड़ा। जाम को खुलवाने के लिए विकास भवन के पास, सेप्टन मिल, बथुआ तिराहा, नटवा तिराहा के साथ ही अन्य स्थानों पर पुलिस लगी रही। शाम चार बजे जाम खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
भदोही में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के चलते एहतियात के तौर पर मिर्जापुर औराई मार्ग पर वाहनों का आवागमन शनिवार शाम से बंद कर दिया गया था। पुलिस ने गोपीगंज और औराई की ओर वाहनों के जाने पर रोक लगा दी थी। इलाहाबाद की ओर से आने वाले वाहनों को मिर्जापुर भेजा जा रहा था। वहीं बनारस से आने वाले वाहनों को चुनार के रास्ते भेजा गया। इसके चलते सोनभद्र, मध्य प्रदेश तथा इलाहाबाद की ओर से आने वाले वाहन जिले में इकट्ठा हो गए। एक साथ हजारों वाहन जनपद में पहुंचने पर शनिवार की देर रात से ही जाम की स्थिति पैदा हो गई। एक साथ ही भारी संख्या में वाहन नगर में प्रवेश करने से मिर्जापुर औराई, मिर्जापुर इलाहाबाद, मिर्जापुर रीवा तथा मिर्जापुर सोनभद्र मार्ग जाम हो गया। रात से रविवार की दोपहर तक जाम में फंसने से राहगीर परेशान हो गए। वह अपने अपने वाहनों से नीचे उतरकर जाम खुलने के बारे में पुलिसकर्मियों समेत अन्य लोगों से पूछने लगे लेकिन कोई यह नहीं बता पाया कि जाम कबतक खुलेगा। जाम में सबसे ज्यादा मुसीबत विकास भवन से लेकर बथुआ स्थित शीतला मंदिर तक का देखा जा रहा था। जाम में 108 व 102 नंबर की एंबुलेंस भी फंसी रही। भदोही से मुख्यमंत्री के रवाना होने के बाद रविवार की शाम चार बजे जाम खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली।