अहरौरा। बेचूवीर मेला के दूसरे दिन रविवार को लगभग तीन लाख श्रद्धालुओं ने बाबा की चौरी पर मत्था टेका। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष के अष्टमी से लेकर एकादशी तक बरही गांव में स्थित बेचूवीर बाबा के धाम में लगने वाले चार दिवसीय मेले के दूसरे दिन भक्तों का रेला लगा रहा। मेले में झाड़-फूंक और ओझैती भी खूब हुई।
किसी ने बाबा की चौरी पर हलवा पूड़ी का भोग लगाया तो किसी ने मन्नत पूरी होने पर मेमना चढ़ाया। तीन तरफ़ से पहाडियों से घिरे बरही गांव में बेचूवीर बाबा की चौरी है। यूपी के कई जनपदों के साथ ही विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में नर नारी अपने वाहनों से पहुंच कर प्रेत बाधा से मुक्ति पाते हैं। भक्त मनचाही मुराद पाने व संतान प्राप्ति की लालसा लिए श्रद्धालु पहुंचेते हैं। बाबा की चौरी पर पहुंचने से पूर्व श्रद्धालु क्षेत्र के भक्सी नदी तट पर पुल व पथरहिया घाट पर स्नान किया। मेला की समाप्ति एकादशी की भोर में मनरी बजने के साथ अक्षत रूपी प्रसाद का वितरण करने के बाद होती है। अक्षत रूपी प्रसाद का एक दाना पाने की लालसा हर एक श्रद्धालुओं के जेहन मे रहता है। मेला मे श्रद्धालुओं की उमडी भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन के तरफ़ से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम चुनार सुनिल मिश्रा, , नक्सल सीओ केपी सिंह, व थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह सुरक्षा की कमान सम्भाले हुए हैं।
इनसेट
चार से पांच हजार मे बिका एक मेमना
अहरौरा। बेचूवीर बाबा के मेले में दूसरे दिन श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर मेमना चढ़ाते हैं। मेला में मेमना की मांग ज्यादा होने पर चार से पांच हजार रुपए की कीमत में एक मेमना बेचा जा रहा है। हैरत की बात तब दिखा जब एक भक्त बाबा की चौरी पर मेमना चढ़ा दिया तो कुछ ही समय बाद वही मेमना फ़िर से बाजार में बिकने को तैयार हो गया।