यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा नहीं दे पाने वाले परीक्षार्थियों की बृहस्पतिवार को राजकीय इंटर कालेज में प्रायोगिक परीक्षा हुई। इसमें भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र व जीव विज्ञान के 121 परीक्षार्थी शामिल हुए।
यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षा जिले में दो से नौ फरवरी 2026 के बीच दूसरे चरण में हुई थी। इस दौरान इन परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं कतिपय कारणों से छूट गई थी। बोर्ड ने इनको अंतिम अवसर देते हुए इस प्रकार के परीक्षार्थियों के लिए नौ व 10 अप्रैल की तिथि निर्धारित की थी। राजकीय इंटर कालेज में भौतिक की परीक्षा में 43,रसायन विज्ञान की परीक्षा में 43 तथा जीव विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा मे 35 कुल 121 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। भौतिक शास्त्र के परीक्षक चंद्रेश कुमार सिंह वाराणसी से तथा रसायन व जीव विज्ञान के परीक्षक जौनपुर से आए थे। राजकीय इंटर कालेज के उप प्रधानाचार्य जयकुमार सिंह ने बताया कि प्रायोगिक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित कराई गई। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजकुमार दीक्षित व अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।