मिर्जापुर। कटरा कोतवाली और पड़री थाने की पुलिस ने गुरुवार की सुबह बथुआ स्थित पालिटेक्निक मैदान के पास से चार चोरों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के 12 ट्रैक्टर, सात ट्राली, एक रोटावेटर व एक जनरेटर बरामद किया। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में पत्रकार वार्ता कर मामले का खुलासा किया। बरामद हुए सामान की कीमत एक करोड़ रुपये है।
कटरा कोतवाल रमेश यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि लोहिया तालाब में चोरी के ट्रैक्टर को बेचने के लिए कुछ लोग बथुआ पालिटेक्निक मैदान के पास खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने घेरेबंदी कर चार चारों को लालू यादव पुत्र राजकुमार यादव निवासी कम्हारी पड़री, मुलायम यादव पुत्र राजकुमार यादव निवासी कम्हारी, गोपाल कुमार भारती पुत्र बुद्ध प्रकाश निवसी देवपुरा पड़री, योगेंद्र कुमार उर्फ छोटू पुत्र अनंत भारती को चोरी के एक ट्रैक्टर और ट्राली के साथ गिरफ्तार किया। चोरों ने पूछताछ में बताया कि 22 की रात को लोहिया तालाब से ट्रैक्टर चोरी किया था। पूछताछ में लालू यादव ने बताया कि पांच ट्रैक्टर, चार ट्राली, एक रोटावेटर व एक बड़ा जनरेटर वह अपने घर में छुपा कर रखा है। गोपाल भारती ने बताया कि तीन ट्रैक्टर को अपने घर के पास छिपा कर रखा है। चोरों के निशानदेही पर कटरा कोतवाल और पड़री थानाध्यक्ष वेंकटेश तिवारी ने छिपा कर रखे 11 ट्रैक्टर, छह ट्राली, एक रोटावेटर और जनरेटर बरामद किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।