शासन के निर्देश पर सुबह नौ से 11 बजे तक कार्यालयों में बैठकर अधिकारियों द्वारा लोगों की जनसमस्याओं को सुनने की हकीकत जानने पहुंचे एसडीएम सदर राजेंद्र पैंसिया के निरीक्षण में डीआईओएस फूलचंद्र यादव, बीएसए, 10 अधिशासी अभियंता सहित 12 अधिकारी गायब मिले। इसके साथ ही कार्यालयों में ज्यादातर कर्मचारी भी गैर हाजिर रहे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अनुपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है। औचक निरीक्षण से विभागों में हड़कंप मचा रहा।
बता दें कि शासन ने समस्त विभागों के अधिकारियों को अपने कार्यालय में सुबह नौ से 11 बजे तक बैठकर लोगों की जनसमस्याओं को सुनने का निर्देश दिया था। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी विमल कुमार दूबे ने इसकी हकीकत जानने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राजेंद्र पैंसियां को कार्यालयों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। इस पर गुरुवार की सुबह दस बजे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने विभागों के कार्यालय पर पहुंचे जहां पाया कि जनपद स्तरीय अधिकारी ही शासन की मंशा को पलीता लगा रहे हैं।
वह प्रमुख सचिव राहुल भटनागर के किए गए निर्देश को दर किनार कर रहे है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण उप खंड द्वितीय फतहां, अनुसंधान एवं नियोजन खंड, मिर्जापुर नहर प्रखंड, सिरसी बांध प्रखंड,सिंचाई कार्य मंडल, विद्युत वितरण मंडल पूर्वांचल विद्युत निगम लिमिटेड, विद्युत वितरण खंड प्रथम, निर्माण खंड प्रथम लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड प्रथम लोक निर्माण विभाग तथा अधीक्षण अभियंता सिंचाई कार्य मंडल का निरीक्षण किया। इनके विभागाध्यक्ष निरीक्षण के दौरान गायब मिले। इसके बाद ज्वांइट मजिस्ट्रेट बीएसए कार्यालय और जिला विद्यालय निरीक्षण कार्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान इन विभागों के अधिकारी मौके से गायब मिले।