लालगंज। क्षेत्र के नैड़ी-कठारी रोड से शनिवार को सुबह लालगंज पुलिस ने एक कार से 1166 शीशी प्रतिबंधित सीरप बरामद की। कार में भरी पेटी से नशीली सीरप के साथ एक आरोपी गिरफ्तार किया गया जबकि दूसरा भाग गया। लालगंज थाने में एएसपी आपरेशन ओपी सिंह ने इसका खुलासा किया।
एएसपी ने बताया कि लालगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि नशीली सीरप के साथ तस्कर आने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने नैड़ी-कठारी रोड पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बार आई एक कार को पुलिस ने रोका तो उसमें सवार एक व्यक्ति भाग गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो 10 पेटियों में रखी 1166 शीशी प्रतिबंधित ओनरेक्स सीरप बरामद हुई। वहीं, कार से अभिषेक सिंह, निवासी भिखारीपुर, थाना कछवां को गिरफ्तार किया गया।
एएसपी के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सीरप शिवपुर वाराणसी से लेकर महेशपुर और कोरांव क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहे है। आरोपी काफी दिनों से सीपर के अवैध कारोबार में लिप्त था।