मिर्जापुर। राजीव गांधी दक्षिण परिसर बरकछां स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय पर्व 70वां गणतंत्र दिवस समारोह पूर्वक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर देश के वीर सपूतों को नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय की आचार्य प्रभारी प्रो. रमादेवी निम्मनापल्ली ने गणतंत्र को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि दक्षिणी परिसर भी एक गणतंत्र के रूप में विकसित हो रहा है। शीघ्र ही साइबर लाइब्रेरी खुलेगी जिससे छात्रों व शिक्षकों को पठन-पाठन में लाभ होगा। परिसर के सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस) के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के उपरांत पूर्व कुलपति प्रो. पंजाब सिंह ने कहा कि दक्षिणी परिसर तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। शीघ्र ही दकक्षिण परिसर देश के सर्वोत्तम परिसरों में से एक होगा। हरा-भरा व आधार भूत संरचनाओं से युक्त परिसर में सौ छात्रों से पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए और आज विभिन्न पाठ्यक्रम में दो हजार से अधिक छात्र नामांकित हैं। कृषि एवं शिक्षा को विकास की रीढ़ बताते हुए प्रो. सिंह ने कहा कि यह परिसर दोनों ही रूप में विकास की नई गाथा लिख सकती है। उन्होंने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों से कंधे से कंधा मिलाकर विकास की नई गाथा लिखने का आह्वान किया। इसके पूर्व आचार्य प्रभारी निम्मनापल्ली ने पूर्व कुलपति प्रो. पंजाब सिंह को स्मृति चिन्ह एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन छात्र सलाहकार डॉ. अजय कुमार सिंह व धन्यवाद ज्ञापन उप मुख्य आरक्षाधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह ने किया। इस दौरान छात्रावास समंवयक डॉ. बीएमएन कुमार, डॉ. नवीन कुमार, कौस्तव चटर्जी, समस्त प्रशासनिक संरक्षक-संरक्षिका, सहायक कुलसचिव डॉ. शार्दुल चौबे सहित समस्त शिक्षक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।