मड़िहान। अपर जिलाधिकारी राजितराम प्रजापति ने मंगलवार को देवरीकला स्थित प्राथमिक विद्यालय में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने मातहतों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
एडीएम की मौजूदगी में हल्का लेखपाल सौरभ श्रीवास्तव द्वारा ग्रामीणों को खतौनी पढ़कर सुनाई गई। इस दौरान उपजिलाधिकारी सविता यादव ने मृतक आश्रित परिवार को वरासत करने का निर्देश दिया। पट्टेदारों की शिकायत पर कब्जा दिलाने के लिए तहसीलदार सुनील कुमार ने राजस्व निरीक्षक लेखपाल की टीम गठित कर तत्काल समस्याएं दूर करने का आश्वासन दिया। तेजबली यादव ने बताया कि आनलाइन फार्म के बावजूद पेंशन के लिए महीनों से इंतजार करना पड़ रहा है। जेई विद्युत विभाग विजय कुमार यादव ने विद्युतीकरण व बकायेदारों के लिए शत प्रतिशत अधिभार में छूट के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति, दुर्घटना बीमा आदि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया गया। इस अवसर पर एडीएम ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य में ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई। उन्होंने बीएलओ को निर्देश करते हुए कहा 18 वर्ष के ऊपर के मतदाता सूची में छूटने ना पाएं। पेयजल समस्या पर उन्होंने हैंडपंप दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से खुले में शौच न करने की सलाह दी। चौपाल में एडीएम ने जरूरतमंद वृद्घाओें को कंबल ओढ़ाया। चौपाल में खंड शिक्षाधिकारी राममिलन यादव, पूर्ति निरिक्षक विनोद कुमार तिवारी, डॉ. एसपी गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक विजयकांत पांडेय आदि मौजूद रहे।