मिर्जापुर। खुले में शौच बीमारियों का कारण बनती हैं। इससे बचने का एक मात्र उपाय शौचालय प्रयोग है। ये बातें शुक्रवार को सिटी विकास खंड के जिगनौड़ी में स्वच्छता रथ लेकर पहुंचे एडीओ पंचायत सिटी प्रदीप कुमार सिंह ने कही। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका स्वागत भी किया।
स्वच्छता रथ जिला पंचायत राज विभाग कार्यालय से प्रस्थान कर सिविल लाइंस, मोर्चाघर, फतहां, दुमुहियां व बिसुंदरपुर होते हुए पिपराडाड़ पहुंची। जहां सचिव शशिकांत धर द्विवेदी व ग्राम प्रधान पवन कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में ग्रामीणों ने स्वच्छता रथ टीम में शामिल लोगों का स्वागत किया। गंगा किनारे स्थित गांव में स्वच्छता का अलख जगाते हुए एडीओ पंचायत ने खुले में शौच मुक्त गांव बरकरार रखने का आह्वान किया। जिगनौड़ी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर हुए गोष्ठी के दौरान संबोधित करती ब्लॉक समन्वयक विभा बिंद ने कहा, खुले में शौच से जहां हम बीमारियों की जद में फंस जाते हैं। वहीं, हमारा पास पड़ोस प्रभावित हो जाता है। खुले में शौच के कारण उस पर बैठने वाली मक्खियां हमारे खाने व पीने के चीजों पर बैठकर बीमारियों को जन्म देती हैं। मनीष पांडेय ने कहा बीमारियों को सिर्फ शौचालय निर्माण व प्रयोग से ही रोका जा सकता है। इस अवसर पर ब्रांड एंबेस्डर रेखा मौर्य ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए हमेशा शौचालय प्रयोग किए जाने पर जोर दिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान व सचिव समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।