मिर्जापुर। केबीपीजी कालेज में छात्र संघ चुनाव समाप्त होने के बाद शुक्रवार की शाम दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। मामला बढ़ने पर एक पक्ष ने पथराव कर दिया। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। पथराव के दौरान एक छात्र घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को डाट फटकार लगाकर वहां से भगाने के बाद घायल छात्र को जिला चिकित्सालय पहुंचाया। नाराज छात्रों ने विपक्षी प्रत्याशी के समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में कटरा कोतवाल संतोष सिंह का कहना है कि अभी तक किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर आने पर कर्रवाई की जाएगी।
केबीपीजी कालेज में मतदान समाप्त होने के बाद शाम को चुनाव अधिकारी जीते हुए प्रत्याशियों की घोषण कर रहे थे। इसी बीच अध्यक्ष पद पर प्रकृति मिश्रा को विजयी घोषित कर दिया गया। प्रकृति के विजयी होने की घोषणा होते ही उनके समर्थक जीत की खुशी मनाते हुए नारे लगाने लगे। आरोप है कि दुसरे गुट के कुछ छात्र वहां पहुंच गए और प्रकृति के समर्थकों से विवाद करने लगे। मामला बढ़ने पर पथराव कर दिया। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। छात्र छात्राए इधर उधर भागने लगे। पथराव के दौरान एक छात्र आदर्श सिंह 19 वर्ष पुत्र संजय सिंह निवासी महामलपुर कछवां हाल पता तरकापुर राजपूत कालोनी घायल हो गया। जिसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।