लालगंज। पर्सनल सम्यक मूल मोर्चा, भीम सेना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को आरक्षण यात्रा जुलूस निकाल कर लालगंज तहसील में एसडीएम को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा। पर्सनल सम्यक मूल मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक धम्मगुरु अशोकानंद के साथ कार्यकर्ताओं ने दो पहिया व चार पहिया वाहनों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान ओबीसी को आरक्षण में साठ फीसदी हिस्सेदारी देने की मांग की गई।
ओबीसी और एससीएसटी वर्ग के लोगों का जुलूस लहंगपुर से शुरू होकर बामी तुलसी, पतुलखी, बसही कला आदि गांवों से होते हुए लालगंज बाजार पहुंचा। यहां से पैदल मार्च कर सभी तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। इस दौरान धर्मगुरु अशोकानंद ने कहा की भारतीय समाज में सभी जाति वर्ग को उनके आबादी के अनुपात मे सभी क्षेत्र में आरक्षण दिया जाए जिसमें ओबीसी को 60 प्रतिशत हिस्सेदारी हो। ओबीसी पर हो रहे अन्याय अत्याचार को रोकने के लिए पूरे देश में बैकवर्ड एक्ट बनाया जाए। एसडीएम अरविंद चौहान को सात सूत्रीय ज्ञापन में मांग की गई है कि सरकारी विभागों में निजीकरण बंद किया जाए। शराब, नशा, हिंसा प्रवृत्ति प्रतिबंधित हो, समान शिक्षा के साथ राष्ट्रीय किसान आयोग बनाया जाए। इस अवसर पर आइसवेस के जिलाध्यक्ष कृष्ण दास कुशवाहा सुरेश चंद्र राव , डा अरुण मौर्य, प्रेम शंकर कुशवाहा, अशोक पटेल, राजाराम पाल, शिव मणि भास्कर, रामनरेश पटेल , भीमराव गौतम, मनीष कुशवाहा, मोतीलाल प्रजापति, वेदप्रकाश , हरकरन आदि थे।