मिर्जापुर। एससीएसटी एक्ट में संशोधन और पेट्रो पदार्थ में वृद्धि तथा महंगाई के विरोध में दस सितंबर को भारत बंद का समर्थन करने का निर्णय व्यापारियों ने लिया है। इसको देखते हुए पुलिस अधीक्षक शालिनी ने रविवार को जिले में भ्रमण कर पुलिस को अलर्ट करते हुए सभी थानोें की पुलिस को बंद के दौरान भ्रमण करने रहने का निर्देश दिया है। यह भी निर्देश दिया कि बंदी के दौरान कोई भी अशांति फैलाने का प्रयास करे तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील आम जनता से की है।
व्यापारी और उद्योग व्यापार मंडल ने एससी एसटी एक्ट में संशोधन और पेट्रोल डीजल समेत अन्य पदार्थों की दरों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में भारत बंद का ऐलान किया है। भारत बंद का ऐलान किए जाने की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को सतर्क कर दिया है। एएसपी नगर एवं आपरेशन को अपने अपने क्षेत्र में जायजा लेते रहने को कहा है। जनपद के सभी थाने शहर , कटरा, देहात, चील्ह, कछवां, अहरौरा, पड़री, लालगंज, जिगना, चुनार, मड़िहान आदि स्थानों की फोर्स को पूरी तैयारी के साथ अपने अपने क्षेत्र में भ्रमण करने का निर्देश दिया है। कहा है कि बाजारों, भीड़ भाड़ वाले स्थानों तथा चट्टी चौराहे पर अधिक ध्यान दिया जाए। कहीं भी कोई उत्पात नहीं मचाने पाए। उन्होंने शांतिपूर्वक विरोध जताने की अपील की। एसपी ने भारत बंद के दौरान जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को तोड़ने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। किसी ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।