ड्रमंडगंज। हलिया थाना क्षेत्र के सुसुआड नाले के रपटे पर अचानक पानी बढ़ने से बाइक सवार दो युवक नाले में गिर गए। बुधवार की रात हुई इस घटना के बाद दोनों युवकों ने तैर कर अपनी जान बचा ली लेकिन उनकी मोटरसाइकिल बह गई। गुरुवार को ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत के बाद घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर एक पत्थर के ओट में फंसी मोटरसाइकिल निकाली।
हलिया गांव के निवासी व संस्कृत महाविद्यालय मिर्जापुर के पूर्व छात्रसंघ महामंत्री पवन त्रिपाठी (30) अपनी बाइक से किसी कार्य से लालगंज गए थे। काम पूरा होने पर वह बुधवार की रात भटवारी हलिया निवासी अपने मित्र प्रकाश मौर्या (26) के साथ घर लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे वह सुसुआड नाले को पार कर रहे थे कि अचानक रपटे पर पानी बढ़ने से तेज बहाव के कारण दोनों बाइक लेकर नाले में गिए गए। पवन और प्रकाश ने तैर कर अपनी जान बचा ली लेकिन बाइक नाले में बह गई। दूसरे दिन गुरुवार को ग्रामीणों ने बाइक को ढूंढना शुरू किया। घंटों मशक्कत के बाद घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर नाले में पत्थर की ओट में फंसी हुई मोटरसाइकिल निकाली गई।