मिर्जापुर। पिछले चार दिनों से गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखकर जिले के तटवर्तीय गांवों के लोग बाढ़ की आशंका को लेकर सहम गए हैं। गंगा में उफान के चलते घाटों की सीढ़ियां गंगा में समाहित होती चली जा रही हैं। बुधवार की सुबह गंगा का जलस्तर 71.290 मीटर रहा जबकि गुरुवार को मामूली बढ़त के साथ जलस्तर 71.300 मीटर रिकार्ड किया गया। गंगा के किनारे बसे कोन के हरसिंगपुर गांव में दो दिन गंगा का पानी घुसने से फसल डूब गई है। जलस्तर अगर और बढ़ा तो गंगा के किनारे के निचले इलाकों में कोन ब्लाक के बल्लीपरवा, छानबे ब्लाक के ओड़ी और विंध्याचल के कंतित में पानी घुस जाएगा। जिला प्रशासन ने स्थापित की गई चौकियों पर तैनात कर्मचारियों पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया है।
जनपद के तटवर्तीय इलाकों में गंगा खतरे के निशान से अभी साढ़े पांच मीटर नीचे हैं। बावजूद इसके छानबे ब्लाक सहित, सीटी, पड़री, सीखड़, मझवां, चुनार व नरायनपुर में तटवर्तीय इलाके के लोगों को बाढ़ की चिंता सता रही है। पिछले दिनों हुई बारिश से जिले के नदी-नाले व तालाबों में पर्याप्त पानी भर गया है। वहीं खेतों में पानी भरने से रोपी गई धान की फसलों में पानी लग गया है। ऐसे में किसान भी अपने फसलों को बचाने की कवायद करने लगे हैं। गुरुवार को गंगा का जलस्तर थोड़ा स्थिर जरूर हुआ हैं, लेकिन गंगा के किनारे बसे ग्रामीणों को बाढ़ की समस्या को लेकर परेशान नजर आने लगे हैं। निचले गंगा के तटवर्ती इलाकों में विंध्याचल, कंतित, छानबे, पड़री, चुनार व नरायनपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। चुनार व सदर तहसील मुख्यालय पर जहां कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है, वहीं कई गांवों में बाढ़ चौकियां भी बनाकर कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। चुनार तहसील के जोगवां, खेमईबरी, बहुआर, ओढी, डवक, बिक्सी, पसियाही, डोमनपुर, खैरा, रामगढ़ कला, सीखड़, मंगरहा, मोइनुद्दीनपुर, अदलपुरा, जमालपुर माफी, बगही, गांगपुर, भवानीपुर, शेरपुर, चुनार, दर्रा, पचेवरा, नकहरा सहित 23 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं।
नरायनपुर के समसपुर, धौरहरा, ऐबकपुर मोहाना, नागरपुर, उस्मानपुर, दुगाडी, शिवपुर, चितरहां, गोविंदपुर तथा सीखड ब्लाक के धन्नूपुर, पिपराही, धनैता डोमनपुर, विदापुर, पचरांव में बाढ़ चौकियों की स्थापना की गई है। तहसीलदार चुनार ओम प्रकाश पांडेय ने बताया कि अभी इन गावों से बढ़ रहे गंगा का जलस्तर काफी दूर है फिर भी बाढ चौकियों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। उधर गंगा का जलस्तर बढ़ने से सदर तहसील क्षेत्र के सदर तहसील सहित विंध्याचल, चील्ह, मवैया, बल्ली परवां, छानबे, पड़री सहित कई अन्य स्थानों पर 14 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं, जहां पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर बाढ़ पर नजर रखने की हिदायत जिले के आला अधिकारियों द्वारा दी गई है।
एडीएम प्रशासन (वित्त एवं राजस्व) राजित राम प्रजापति ने कहा कि बाढ़ की आशंका के मद्देनजर पहले प्रभावित रहे इलाकों में बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। इन चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर राहत दिलाने का निर्देश दिया गया है।