चुनार क्षेत्र के कैलहट में ठगों ने सोने की लालच देकर दीक्षितपुर गांव की एक महिला से तीस हजार रुपये ठग लिया। इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई की गई है।
दीक्षितपुर की निर्मला देवी किसी कार्य हेतु मंगलवार को लगभग पौने चार बजे कैहलहट स्थित इलाहाबाद बैंक से 35 हजार रुपये निकाल घर लौट रही थी। वह बैंक से मात्र कुछ ही दूरी पर पहुंची कि रास्ते में एक युवक मिला जो हाथ में सोने के 50-50 ग्राम के चार टुकड़े दिखा खरीदने के लिए कहने लगा। युवक पैसे की जरूरत की बात कहकर गुहार लगा रहा था कि इसी बीच एक अधेड़ व्यक्ति वहां आया और बातों ही बातों में अस्सी हजार रुपये में एक सोने का टुकड़ा खरीद वहां से चला गया। अधेड़ के सोना खरीदने के बाद निर्मला देवी के मन में लालच हुई। उसने युवक से कहा कि यदि तीस हजार रुपये में टुकड़ा दो तो हम भी खरीद लें। युवक पैसे की जरूरत बतलाते हुए उनके हाथो में एक सोने का टुकड़ा दे 30 हजार रुपये ले चलता बना। महिला जब घर पहुंची तो परिवार वालों को सारी बात बताई। एक बार घर के सदस्य भी टुकड़े की चमक देख सच्चा सोना मान बैठे लेकिन जब उसकी जांच कराई गई तो वह नकली निकला। यह जानकारी होते ही लोगों के होश उड़ गए। परिजन कैलहट बाजार के आसपास उस युवक की तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला। इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चा व्याप्त है।