मिर्जापुर। पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्यवृद्धि के विरोध में गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेसजनों ने जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पर जुटे कांग्रेसजनों ने डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को मांगपत्र प्रेषित कर पेट्रो पदार्थ में हो रही मूल्यव़ृद्धि को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की है। कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी व बढ़ती हुई पेट्रोल-डीजल की कीमतों से जनता त्रस्त हो चुकी है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रो पदार्थों में हो रही निरंतर बढ़ोत्तरी से लोगों के उपयोग में आने वाली हर वस्तु मंहगी होती जा रही है, जिससे लोग नाराज हैं। जबकि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल में बेतहाशा वृद्धि करती चली जा रही है। जिससे परिवहन मंहगे होने के कारण हर तरफ महंगाई बढ़ती चली जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2014 में जब कांग्रेस की सरकार थी, उस समय पेट्रोल 60 रुपया और डीजल 45 रुपया प्रति लीटर था। लेकिन आज पेट्रोल 84 रुपया और डीजल 72 रुपया प्रति लीटर मिल रहा है। इस मौके पर सेवादल के अमिताभ पांडेय, छोटे खां, भारतेंदु यादव, स्वरूप सिंह, अर्चना चौबे, विवेक सिंह, आकाश सोनकर, राजन निषाद, नफीसुल रिजवी, संतोष यादव, जितेंद्र नाथ चौबे, मुन्ना लाल मौर्य सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।