मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के हथिया फाटक मोहल्ला में एक चिकित्सक के गलत इलाज के चलते रविवार की सुबह छह वर्षीया बालिका की मौत हो गई। हादसे से नाराज परिवार के लोगों ने शव क्लीनिक के बाहर रख कर प्रदर्शन किया। उनकी तहरीर पर पुलिस ने डाक्टर के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कृष्णा नगर नटवां निवासी मुमताज अंसारी की पुत्री नगमा के पेट में रविवार की सुबह अचानक दर्द होने लगा। उसकी दादी हथिया फाटक स्थित एक डाक्टर के यहां से दवा लेकर आई। दवा खिलाने के तुरंत बाद बालिका के मुंह में बड़े-बड़े छाले निकल आए। उसके बारे में बताने पर डाक्टर ने दोबारा दवा दी। हालत में सुधार नहीं होने पर परिवार बालिका को दोबारा उसके यहां ले गए तो उसने कहीं और ले जाने की सलाह दी। जिला चिकित्सालय में लाने पर बालिका मौत हो गई। घटना से नाराज परिवार के लोगों ने शव को क्लीनिक के बाहर रखकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों के आक्रोश को देख डाक्टर क्लीनिक छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चिकित्सक परिमन विश्वास के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।