मिर्जापुर। पुरी से नई दिल्ली जा रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन की पांच बोगियों की बिजली गुल होने पर यात्रियों का गुस्सा फूटा और चुनार व मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को करीब एक घंटे तक रोक कर हंगामा मचाने लगे। नाराज यात्रियों ने कहा कि पुरी से चलने के बाद एक से पांच नंबर तक की बोगियों की बिजली गुल हो गई। यहीं नहीं पानी भी नहीं आ रहा था। मौके पर पहुंचे जीआरपी थानाध्यक्ष समर बहादुर व आरपीएफ थाना प्रभारी विनोद कुमार ने यात्रियों को समझा बुझा कर मामला शांत कराते हुए ट्रेन को आगे रवाना किया।
यात्रियों ने बताया कि शनिवार की शाम को पुरी से चलने के बाद ट्रेन के एक से पांच नंबर की बोगियों की बिजली गुल हो गई। कुछ देर बाद पानी भी आना बंद हो गया। मामले की शिकायत गया व मुगलसराय में करने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुगलसराय से ट्रेन चलने पर यात्री भड़क गए और चुनार रेलवे स्टेशन पर गाड़ी को चेनपुलिंग कर रोक लिया। कहा कि जब तक बिजली पानी की आपूर्ति नहीं चालू की जाएगी तब तक वह ट्रेन आगे नहीं बढ़ने देंगे। मौके पर पहुंची जीआरपी व आरपीएफ ने यात्रियों को समझाने बुझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। करीब एक घंटे से हंगामा मचा रहे यात्रियों को किसी तरह समझा बुझा कर मिर्जापुर रेलवे स्टेशन रवाना किया गया। मिर्जापुर पहुंचते ही यात्री फिर भड़क गए और बोगी से बाहर निकल कर हंगामा मचाने लगे। कहा कि यहां से किसी कीमत पर गाड़ी को आगे नहीं जाने देेंगे। आक्रोशित यात्रियों ने कहा कि रेल अधिकारियों की घोर लापरवाही के चलते यात्री परेशान हो रहे हैं। मौके पर पहुंचे जीआरपी थानाध्यक्ष समर बहादुर व आरपीएफ के प्रभारी विनोद कुमार ने यात्रियों को समझाते हुए कहा कि मिर्जापुर में कुछ नहीं हो सकता है। इलाहाबाद में ही इसकी मरम्मत हो सकती है। इलाहाबाद के कर्मचारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है वहां गाड़ी जाने पर व्यवस्था दुरुस्त कर दिया जाएगा। तब मामला शांत हुआ और रात आठ बजे गाड़ी स्टेशन से रवाना हुई।