जमालपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत क्षेत्र में पात्र लाभार्थियों के चयन में लापरवाही बरती गई है, जिससे पात्र लाभार्थियों को अनाज नहीं मिल पा रहा है। अनाज नहीं मिलने से क्षेत्र के करजी गांव के नाराज लोगों ने बेलहर-जमालपुर मार्ग जाम करके प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीणों ने चुनार में आयोजित तहसील दिवस में पहुंच कर अधिकारियों को पत्रक सौंपा और साथ ही राशन कार्डों के चयन में अनियमितता की जांच कराने और पात्रों को अनाज वितरण कराने की मांग की।
करजी गांव के ग्रामीणों को अनाज नहीं मिल रहा है। राशन नहीं मिलने से कोटेदार के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। ग्रामीणों ने रामपुर जमालपुर मार्ग जाम करते हुए प्रदर्शन किया और तहसील पर भी प्रदर्शन किया । गांव के कोटेदार के खिलाफ ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के उचित दर के विक्रेता द्वारा घटतौली करने के साथ अधिक मूल्य लेकर अनाज दिया जाता है, विरोध करने पर कोटेदार अपशब्दों का प्रयोग कर हटा दिया जाता है, ऐसे में ग्रामीण कई बार संबंधित विभाग से शिकायत किया लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नही हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन कार्ड बनवाने मे घोटाला तथा अपात्रों का राशन कार्ड बनवाया गया। राशन कार्ड में 14 यूनिट वाले परिवार को सिर्फ दो यूनिट पर वितरण राशन व तेल का कोटेदार द्वारा किया जाता है। ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर कोटेदार अपनी पत्नी को आगे कर देता है। कोटेदार द्वारा नमक जबरन दिया जाता है। प्रदर्शन करने वालों में हरिद्वार यादव, गोल्डी तिवारी,दिलीप गुप्ता, झूल्लन बियार, मालती, मनोज, अशोक कुमार, राजकुमार यादव, चन्द्रलेखा आदि शामिल रहे।