मड़िहान। एसडीएम की संयुक्त टीम ने तिसुही स्थित बीटीसी कालेज का गुरुवार को निरीक्षण किया। इस दौरान कालेज से संबंधित अभिलेख नहीं उपलब्ध नहीं कराने व सत्यापन कार्य में बाधा डालने पर टीम ने प्राचार्य को हिरासत में ले लिया। हालांकि तहसील पहुंचने के बाद कालेज प्रशासन की ओर से अभिलेख दिखाने का आश्वासन दने पर उन्हें छोड़ दिया गया।
जिला प्रशासन के आदेश पर क्षेत्र में संचालित हो रहे कालेजों का सत्यापन करने के लिए मड़िहान एसडीएम सविता यादव के नेतृत्व में खंड शिक्षा अधिकारी राममिलन यादव व खंड विकास अधिकारी पटेहरा दिनेश सिंह की टीम में गठित की गई है। दोपहर में तिसुही स्थित बीटीसी कालेज में एसडीएम व खंड शिक्षा अधिकारी निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। टीम ने अभिलेखों की मांग की तो कोई भी रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया गया। अधिकारियों ने इस आरोप में कालेज के प्राचार्य को हिरासत में ले लिया। इससे विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्राचार्य को थाने लाने पर कालेज के अन्य लोगों ने अभिलेख उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तब जाकर उन्हें छोड़ा गया।
उपजिलाधिकारी सविता यादव ने बताया कि टीम बीटीसी कालेज में जांच करने गई थी। सत्यापन में बाधा पहुंचाने और अभिलेख नहीं दिखाने पर कालेज के प्राचार्य को हिरासत में ले लिया गया था। बाद में उनको अभिलेख देने के लिए मोहलत देते हुए छोड़ दिया गया। अभिलेख नहीं देने पर कार्रवाई होगी। -सविता यादव, उपजिलाधिकारी मड़िहान