मिर्जापुर। किसानों का अहित बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बात को ध्यान में रखते हुए अधिकारी काम करें। ये बातें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने बाण सागर स्थित गेस्ट हाउस में जिला प्रशासन के साथ हुई बैठक में कहीं। इस दौरान नरायनपुर व जिवनाथपुर रेलवे स्टेशनों के मध्य बन रही कई नई रेलवे लाइन, वाराणसी विकास प्राधिकरण के तहत चिह्नित जमीनों का मूल्य चार गुना देने पर चर्चा की गई।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने तेल पाइप लाइन के लिए अधिग्रहीत जमीन के बदले नौकरी देने, समपार अंडर पुल की जगह समपार ओवर पुल बनाने, नक्शा और जमीन की भौतिक स्थिति में अंतर को दूर करने, सिंचाई व्यवस्था को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। तत्काल तेल पाइप लाइन का सर्वे कराने पर सहमति बनी। कहा कि तत्काल प्रस्तावित रेल लाइन का नक्शा सार्वजनिक कर यूनियन के पदाधिकारियों को उपलब्ध कराया जाए। समस्याओं के निराकरण के लिए जिलाधिकारी विमल कुमार दूबे जी को अधिकृत किया। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट डीपी मिश्र, एसडीएम चुनार अविनाश त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, सिद्धनाथ सिंह, धर्मदेव उपाध्याय, प्रहलाद सिंह, अनिल सिंह, प्रदीप सिंह, रमाकांत पटेल आदि मौजूद रहे।