बिजली विभाग की टीम ने नगर के आधा दर्जन इलाके में चेकिंग अभियान चलाया। बुधवार की सुबह से शाम तक चलाए गए अभियान के दौरान 98 बकाएदारों का कनेक्शन काटा तथा 60 बड़े बकाएदारों को बिल जमा करने के लिए नोटिस दी। चेतावनी दिया कि जिन बकाएदारों का कनेक्शन काटा गया है वह बगैर बिल जमा किए कनेक्शन जोड़वाने का प्रयास करेंगे तो उनके विरुद्घ विद्युत चोरी का मुकदमा पंजीकृत कराया जाएगा।
अधिशासी अभियंता यदुनाथ राम ने बताया कि नगर के इमलहा, विजयपुर, पैरियाटोला बेदौली, डंगहर, रसौली, भगेसर, बल्ली का अडडा के विद्युत बकाएदारों के विरुद्घ कार्रवाई की गई। चेतावनी के बावजूद जिन बकाएदारों ने बिल नहीं जमा किया था उनके कनेक्शन काट दिए गए। इस दौरान लगभग डेढ़ सौ उपभोक्ताओं से 25 लाख 30 हजार रुपये का बकाया बिल वसूला गया। एसडीओ सूरज शाह और जेई उमेेश गौतम द्वारा नगर के ओम नगर कालोनी तथा लोहंदी में बकाए पर लाइन काटी गई थी। जिसको दोबारा चेक किया गया तो तीन उपभोक्ताओं द्वारा बिजली जोड़वाना पाया। जिनके विरुद्घ थाने में विद्युत चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। 26 अक्तूबर को नगर सिविल लाइन, जयापुरा, ककहरा रामचंदरपुर, गोगांव, बिहसड़ा खुर्द, पूरब मोहाल, विंध्याचल, सोहता का अडडा, परसिया, वासलीगंज, पानदरियवा, इमरती रोड में चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। कहा कि जिन लोगों ने पूर्व में बिजली के बिलों पर आए ब्याज छूट योजना के तहत एक हजार रुपये की रसीद कटवाई है वह तत्काल अपना बकाया बिल जमा करे अन्यथा उनके विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।