चुनार। पेयजल आपूर्ति की धीमी गति के कारण गंगेश्वर नाथ मोहल्ले के वाशिंदे महीनों से परेशान हैं। हालत यह है कि लोगों को नहाना और कपड़ा धोना तो बहुत दूर पीने को भी पानी नहीं मिल पा रहा है। नगरपालिका इस समस्या के प्रति लापरवाह बना हुआ है। इससे रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अधिकारी लो बोल्टेज को इसके पीछे कारण बता रहे हैं।
नगर पालिका परिषद चुनार अंतरगत स्थित गंगेश्वर नाथ मुहल्ले में महीनों से पानी की सप्लाई काफी धीमी गति से हो रही है। जिस कारण लोगों के घरों में पानी ठीक तरह से नहीं पहुंच पा रहा है। पानी की गति धीमी होने से लोगों को अपने जरूरतों के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है। मोहल्ले के जिन लोगों के पास टुल्लू है वह तो किसी तरह टुल्लू चला कर पानी का इंतजाम कर लेते हैं, लेकिन जिनके पास सुविधा नही है वह लोग पानी सप्लाई की इस दुर्व्यवस्था से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि घंटे भर में महज दो चार बाल्टी पानी मिल पा रहा है जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पानी की सप्लाई धीमी गति से होने के बाबत नगर पालिका व जलकल विभाग से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों को जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया। समस्या के बारे में जलकर अभियंता सौरभ प्रकाश से पूछे जाने पर कहा कि लो वोल्टेज के कारण मोहल्ले में पानी की सप्लाई ठीक तरह से नहीं हो पा रही है। वोल्टेज मिलने पर पानी सप्लाई सुचारु रूप से मिलने लगेगी।