मिर्जापुर। लोकसभा चुनाव से पूर्व समस्त मतदान केंद्रों पर तैयारियां मुकम्मल कर लिए जाएं। निरीक्षण के दौरान यदि कहीं कमियां पाई गईं तो संबंधित सचिव और ग्राम प्रधानों के खिलाफ सीधे तौर पर कार्रवाई किए जाएंगे। उक्त बातें डीसी एनआरएलएम व प्रभारी खंड विकास अधिकारी सिटी ने गुरुवार को सिटी ब्लाक कार्यालय में गुरुवार को हुई समीक्षा बैठक के दौरान मातहतों को चेताते हुए कहीं।
प्रभारी खंड विकास अधिकारी दीन दयाल वर्मा ने ग्राम पंचायतवार बूथो के बारे में पूछताछ करते हुए अब तक की हुई तैयारियों की समीक्षा की। प्रभारी बीडीओ ने पाया कि विकास खंड के अधिकांश मतदान केंद्रों पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कुछ मतदान केंद्रों पर कमियां पाए जाने पर उन्होंने बिजली, पानी, साफ-सफाई के साथ ही शौचालय व लोगों के बैठने की व्यवस्था दुरुस्त किए जाने के निर्देश दिया। बैठक में प्रभारी बीडीओ ने विकास कार्यो की समीक्षा की। अधूरे पीएम आवासों को किसी भी दशा में होली के पूर्व तैयार किए जाने के साथ ही अपूर्ण शौचालयों को पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अरुण कुमार मिश्र, अक्षैवरनाथ यादव, राजेश मिश्रा, कौशलेंद्र राय, तरुण भारती, लल्लूराम आदि ग्राम पंचायत एवं विकास अधिकारी मौजूद रहे।