मिर्जापुर। महुवरिया स्थित राजकीय इंटर कालेज नौ फरवरी को 210 जोड़ों के सामूहिक विवाह के आयोजन का साक्षी बनेगा। यह आयोजन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हो रहा है। विवाह के लिए आवेदन तो 263 आए थे लेकिन संभावना जताई जा रही है कि इसमें 210 जोड़े ही शामिल हो सकेंगे।
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की व्यवस्था जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को सौंपी गई है। इसके लिए गुरुवार को जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने व्यवस्था के लिए ड्यूटी का आवंटन कर दिया है। समारोह के नोडल अधिकारी एडीएम वित्त एवं राजस्व राजितराम प्रजापति होंगे। इसके लिए चार जोनल मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है। मुख्य मंच की जिम्मेदारी अपर मुख्य अधिकारी को दी गई है। मंच के दाएं डीसी मनरेगा और मंच के बाएं की जिम्मेदारी डीसी एनआरएलएम को सौंपी गई है। वीआइपी दीर्घा की जिम्मेदारी डीआरडीए के परियोजना निदेशक को सौंपी गई है तो प्रेस दीर्घा की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को दी गई है।
विवाह का बजट बढ़ा
सामूहिक विवाह के लिए इस बार बजट बढ़ा दिया गया है। पहले प्रत्येक लाभार्थी को 20 हजार रुपये दिया जाता था। साथ ही 10 हजार रुपये का सामान और पांच हजार रुपये उनके खाने पर खर्च होने थे लेकिन अब इसे बढ़ाकर 35 हजार से 51 हजार रुपये कर दिया गया है। इसमें लाभार्थी के खाते में 35 हजार रुपये देने की व्यवस्था की गई है। 10 हजार रुपये का सामान और खाने पर पांच हजार से एक हजार रुपये बढ़ाकर छह हजार रुपये कर दिया गया है। इसके लिए गुरुवार से ही तैयारियां शुरू हो गई हैं।