जमालपुर। ब्लाक मुख्यालय पर बुधवार को बनौली गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क के लिए जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों ने ब्लाक परिसर का चक्कर लगाते हुए सरकार विरोधी नारे लगाकर अपना आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने तत्काल सड़क का निर्माण कराएं जाने की मांग की।
ग्रामीणों ने बीडीओ, प्रमुख और योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि दो जनपदों को जोड़ने वाला मनउर-बनौली संपर्क मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। इसके अतिरिक्त गांव को जोड़ने वाले सभी संपर्क मार्ग बदहाल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन पर हीलाहवाली का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क खराब होने से स्कूल की बस गांव तक नहीं पहुंच पाती। कहा कि बिजली नहीं मिलने से किसानों की धान की सिंचाई बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने एक सप्ताह के भीतर मांग पूरी न होने पर ब्लाक मुख्यालय पर सड़क की उखड़ी गिट्टी फेंक कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक एडीओ समाज कल्याण सदानंद को सौंप कर तत्काल सड़क निर्माण की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में रमेश सिंह, अमित कुमार सिंह,अछैवर, ओमप्रकाश सिंह, सुजीत सिंह,रामभरोस राजनाथ गुप्ता, पंचराज सिंह, सतीश सिंह, दूधनाथ गुप्ता, सूर्य प्रकाश सिंह, पप्पू, राजवंश, काशीनाथ सिंह सहित तमाम ग्रामीण उपस्थित रहे।